आस्था और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय से चलाए जा रहे ‘मंगलमान ई-विसर्जन’ अभियान को आज एक महत्वपूर्ण पड़ाव मिला, जब लखनऊ के नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने विधिवत रूप से ‘मंगलमान ऐप’ के वेब वर्जन का लोकार्पण किया। यह ऐप इस जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संदीप बंसल, मंगलमान संयोजक प्रोफेसर डॉ. रामकुमार तिवारी, और मंगलमान कार्यकर्ता सुरेश छबलानी, मोहित वर्मा, आकाश गौतम, नवल पांडे, संजय निधि अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाज में आ रहा है सकारात्मक परिवर्तन: संदीप बंसल
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संदीप बंसल ने नगर निगम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि नगर निगम के समर्थन से इस अभियान के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। लोग अपनी प्रतिमाओं की आस्था को संरक्षित रखते हुए ठीक प्रकार से विसर्जन के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अनेक स्थानों पर स्थापित किए गए उन मूर्ति संग्रह स्थलों की जानकारी भी दी, जहाँ कच्ची मिट्टी की मूर्तियाँ उपलब्ध हैं। उन्होंने आम जन से आग्रह किया कि मूर्ति खरीदते समय वे स्वदेशी का भाव रखें, जिससे लोकल मूर्ति कलाकारों को लाभ मिल सके।
ऐप अभियान को बनाएगा और प्रभावी: डॉ. रामकुमार तिवारी
मंगलमान संयोजक प्रो. डॉ. रामकुमार तिवारी ने ऐप लॉन्च को एक नए कदम की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐप इस अभियान को और प्रभावी बनाएगा, और लखनऊ में खड़ा किया जा रहा यह मॉडल अखिल भारतीय स्तर पर विस्तार ले सकेगा। उन्होंने बताया कि आज इस ऐप का वेब वर्जन लॉन्च किया गया है, और शीघ्र ही इसका एंड्रॉयड वर्जन भी आ जाएगा। इसे aap.mangalman.in से डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने ऐप की विशेषताओं के बारे में बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से नागरिक अपने आस-पास के सभी विसर्जन एवं संग्रह केंद्रों की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति चाहता है कि मूर्ति संग्रह उसके घर से हो, तो ‘डोर-टू-डोर कलेक्शन’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर निगम करेगा पूरा सहयोग: नगर आयुक्त गौरव कुमार
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने ‘मंगलमान’ को धन्यवाद देते हुए कहा कि नगर निगम आस्था और पर्यावरण दोनों पर लगातार काम कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ‘आस्था एक्सप्रेस’ सभी ज़ोन में चलाई जा रही है, जिनके माध्यम से मूर्तियों एवं पूजन सामग्री का कलेक्शन किया जाता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर निगम ‘मंगलमान’ के साथ मिलकर इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। यह ऐप और ‘आस्था एक्सप्रेस’ पहल नागरिकों को प्रतिमा विसर्जन के लिए पर्यावरण-अनुकूल और सम्मानजनक तरीका अपनाने में मदद करेगी, जिससे पवित्रता और स्वच्छता दोनों सुनिश्चित हो सकेंगी।
ई-विसर्जन कराये.. एकत्रित हो जाने पर मूर्तियों को विसर्जन केंन्द्र पर ले जाकर ससम्मान पर्यावरण अनुकूल विसर्जित किया जाये। विसर्जन के लिए लखनऊ नगर निगम की ओर से आस्था एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है इन्हें फोन कर बुलाए।
नगर निगम टोल फ्री नंबर 1533 नगर निगम कंट्रोल रूम का नंबर 9219902911, 9219902912, 9219902913, 9219902914